मुंबई, भारतीय ओटीटी की दुनिया में ‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। साल 2020 में आई ‘स्कैम 1992’ ने शेयर बाजार और हर्षद मेहता की कहानी को जिस अंदाज में पर्दे पर पेश किया, उसने दर्शकों के बीच इस फ्रेंचाइजी को खास जगह दिलाई। अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मेकर्स ‘स्कैम 2010′ लेकर आ रहे हैं। इस बार कहानी एक बड़े कारोबारी साम्राज्य के बनने, उसके पीछे की महत्वाकांक्षा और फिर उसी सफलता के बीच पैदा हुए अहंकार पर केंद्रित होगी। नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर हंसल मेहता एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी के निर्देशन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
हंसल मेहता ने इस सीरीज को लेकर कई अहम बातें साझा की हैं। उन्होंने कहा, ”यह सीरीज केवल किसी कारोबारी सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि इसके जरिए महत्वाकांक्षा, ताकत, प्रभाव और सफलता के बाद आने वाले अहंकार को समझने की कोशिश की गई है। कहानी यह भी दिखाएगी कि जब किसी व्यक्ति को अपनी बनाई हुई दुनिया पर जरूरत से ज्यादा भरोसा होने लगे तो हालात किस तरह बदल सकते हैं।”’स्कैम 2010’ में मुख्य भूमिका सिद्धार्थ बोडके निभा रहे हैं। उन्होंने अपने किरदार को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए कहा कि इस भूमिका की सबसे खास बात उसका जटिल व्यक्तित्व है। किरदार में जुनून, ताकत, कमियां, सफलता और आखिर में पतन जैसे कई अलग-अलग पहलू हैं, जिसकी वजह से इसे निभाना उनके लिए बेहद दिलचस्प अनुभव रहा।


