निगमायुक्त अहिरवार के निर्देश पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ियों का किया निरीक्षण; 33 सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण
जबलपुर। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के तहत नगर निगम ने जमीनी स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर गठित पांच दलों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया और नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराया। एक दिन में सीएम हेल्पलाइन के 33 प्रकरणों का संतुष्टि के साथ निराकरण कराया गया।
अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार क्षेत्र भ्रमण और शिविरों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, जनसुनवाई तथा नागरिकों से जुड़ी मूलभूत समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निराकरण करना है।
निगम के पांच दलों ने विभिन्न वार्डों में सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी, स्कूल और अस्पतालों की स्थिति परखी। अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
14 अगस्त को विजय नगर में शिविर
अभियान के तहत 14 अगस्त को अग्रसेन मंडपम, विजय नगर स्थित उद्यम संवाद स्थल पर दोपहर 3 बजे शिविर आयोजित किया जाएगा। सभी पांच दल सुबह 10 बजे से क्षेत्र भ्रमण करेंगे और बाद में शिविर में संवाद एवं समाधान की प्रक्रिया होगी।
अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी और उपायुक्त अंकिता जैन को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। निगमायुक्त ने सभी अपर आयुक्तों, उपायुक्तों और विभागीय प्रमुखों को अपने क्षेत्रों में भ्रमण, संवाद और शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।


