जबलपुर
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के जबलपुर स्थित मुख्य पीठ परिसर में आयोजित एक देशभक्तिपूर्ण समारोह में माननीय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश श्री न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने न्यायपालिका, विधि जगत और न्यायालय कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस अवसर पर उच्च न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र तथा मध्य प्रदेश राज्य न्यायिक अकादमी में भी ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में माननीय श्री न्यायमूर्ति आनंद पाठक तथा माननीय श्री न्यायमूर्ति विवेक कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे।
समारोह में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर पीठ के सभी माननीय न्यायाधीशों ने अपने परिजनों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में महाधिवक्ता प्रशांत सिंह तथा महाधिवक्ता कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न हाई कोर्ट बार एसोसिएशनों के अध्यक्ष, सचिव व कार्यकारिणी सदस्यों सहित विभिन्न कानूनी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, विधि विशेषज्ञों और न्यायालय कर्मचारियों की भी गरिमामयी मौजूदगी रही।
आयोजन की एक प्रमुख विशेषता माननीय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया द्वारा एक पूर्ण सुसज्जित आपातकालीन एम्बुलेंस का औपचारिक शुभारंभ रहा। यह एम्बुलेंस यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सीएसआर संस्था ‘यूनियन बैंक सोशल फाउंडेशन ट्रस्ट’ (UBSFT) द्वारा अपनी हाई कोर्ट शाखा के माध्यम से दान की गई है। आपातकालीन चिकित्सा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से इसे उच्च न्यायालय स्वास्थ्य डिस्पेंसरी को सौंपा गया।
एम्बुलेंस के शुभारंभ अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उप महाप्रबंधक (क्षेत्रीय प्रबंधक) श्री समीर कुमार, सहायक महाप्रबंधक श्री कुंजन पटेल, शाखा प्रबंधक श्री मृदुल उपाध्याय तथा हाई कोर्ट शाखा की टीम के सदस्य शामिल थे।
यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस तत्काल चिकित्सा देखभाल और स्वास्थ्य आपात स्थिति के दौरान त्वरित परिवहन के लिए जीवन रक्षक सुविधाओं (लाइफ-सपोर्ट) से पूरी तरह लैस है। यह सेवा न्यायालय परिसर में आने वाले पक्षकारों (लिटिगेंट्स), अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए उपलब्ध रहेगी।


