, शराब दुकान को लेकर होता रहा हंगामा
जबलपुर। गोरा बाजार क्षेत्र में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर स्थानीय रहवासियों का विरोध रविवार को तेज हो गया। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सड़क पर उतर आए और दुकान के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दुकान में तालाबंदी की कोशिश की, जिसके मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
बताया गया कि पूर्व घोषित तालाबंदी को देखते हुए शराब दुकान संचालक दुकान बंद कर मौके से चला गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बंद दुकान के बाहर अपने ताले लगा दिए। हालांकि, शाम के समय दुकान संचालक ने कथित तौर पर उन तालों को तोड़कर दुकान दोबारा खोल दी और कारोबार शुरू कर दिया।
इस घटनाक्रम से प्रदर्शनकारी आक्रोशित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दुकान दोबारा खोली गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कुछ प्रदर्शनकारियों ने उग्र आंदोलन और तोड़फोड़ की चेतावनी भी दी है।
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि शराब दुकान मुख्य बाजार, मोड़ और मंदिर-मस्जिद के आसपास स्थित है। उनका कहना है कि दुकान के आसपास शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। उन्होंने छेड़छाड़ और सड़क हादसों के खतरे का भी आरोप लगाया।
आंदोलन के समर्थन में स्थानीय व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। व्यापारियों और रहवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दुकान को हटाया या स्थानांतरित नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर जन आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान शशिकला कोरी, अफसाना अंसारी, सोंद्रा स्वामी, मीना बेन, मुनिया विनोदिया, मनसा पिल्ले, आरती रजक, सुब्रमणि स्वामी, संध्या पिल्ले, विमला ठाकुर, पार्वती पिल्ले, सुनीता कोरी, कंचन धुसिया और मंजू वनराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। अब रहवासियों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सुरक्षा और शांति को देखते हुए शराब दुकान को जल्द हटाया जाना चाहिए।


