जबलपुर। मध्यप्रदेश की विद्युत कंपनियों के मुख्यालय शक्तिभवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के 25 अभियंताओं एवं कार्मिकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कंपनी के प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।
सम्मानित अभियंताओं एवं कार्मिकों ने निर्धारित समय-सीमा से पहले कार्य पूर्ण करने, करीब 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित कार्यों में योगदान देने, कंपनी को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ पहुंचाने, करोड़ों रुपये की वित्तीय बचत कराने, नियामक एजेंसियों के समक्ष कंपनी का प्रभावी पक्ष रखने और सौर ऊर्जा योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा पदोन्नति प्रक्रिया को महज तीन दिनों में पूरा करने, सुरक्षा दस्ते में साहस, सूझबूझ एवं तत्परता का प्रदर्शन करने तथा कार्यालयीन कार्यों में कर्त्तव्यपरायणता के लिए भी कार्मिकों को पुरस्कृत किया गया।
समारोह में पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता, पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी तथा पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) फिरोज कुमार मेश्राम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मी, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
पुरस्कृत कार्मिकों में उप महाप्रबंधक मनोज पदराम, प्रबंधक शुभम मेश्राम, लेखाधिकारी आकृति अग्रवाल, प्रबंधक सौरभ सराफ, प्रबंधक मोहित जोशी, सहायक प्रबंधक हिमानी दुबे, उप महाप्रबंधक एहसानुद्दीन सिद्दीकी, सहायक विधि अधिकारी ज्योत्सना अग्निहोत्री राठौड़, सुरक्षा निरीक्षक संजय सिंह, उप सुरक्षा निरीक्षक नंद किशोर वरकड़े, सुरक्षा उप निरीक्षक पदम सिंह मरावी, उप सुरक्षा निरीक्षक पूनमचंद विश्वकर्मा, मुख्य सुरक्षा सैनिक महबूब खान, जनसंपर्क कार्यालय के रमेश कुमार वर्मा, उप महाप्रबंधक अंकुर गुप्ता, सहायक अभियंता प्रदीप साहू, उप महाप्रबंधक नितिन सिंगोतिया, उप महाप्रबंधक राजेश गौंड, मैनेजर अमित पटेल, कार्यालय सहायक श्रेणी-2 हरीश मुले, प्रबंधक पराग मिश्रा, कार्यालय सहायक संजय पोल, राम रतन सोनी, भृत्य कैलाश कुशवाहा एवं वाहन चालक मनीष लारिया शामिल हैं।


