इनामी आदिल से हथियारों का जखीरा जब्त
जबलपुर। जबलपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने चर्चित अनिराज नायडू हत्याकांड और ग्वारीघाट में जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी शेख आदिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे लार्डगंज थाना क्षेत्र की भूलन बस्ती स्थित एक मकान के कमरे के लॉफ्ट में छिपा हुआ पकड़ा। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर 3 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 4 कट्टे, 2 एयर गन, 54 जिंदा कारतूस, 68 खाली खोखे और 23 मोबाइल फोन सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय शेख आदिल कुख्यात गैंगस्टर छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे की गैंग का सक्रिय सदस्य है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि अनिराज नायडू की हत्या उसने छोटू चौबे के कहने पर की थी। इसके अलावा रतन यादव पर गोली चलाने वाले शूटरों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने में भी आदिल की भूमिका सामने आई है।
क्राइम ब्रांच को 17 अगस्त को सूचना मिली थी कि आदिल भूलन बस्ती में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी तो वह कमरे के लॉफ्ट में छिपा मिला। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे ने उसे फरारी के दौरान अपने मकान में शरण दी थी।
जांच में यह भी सामने आया कि मकान में छोटू चौबे और उसके सहयोगी बाबू सिंधी द्वारा अवैध हथियारों का भंडारण और खरीद-फरोख्त की जाती थी। आदिल के अनुसार उसे 12 बोर और 315 बोर के कट्टे व पिस्टल बेचने के लिए दिए जाते थे। पुलिस ने मामले में शेख आदिल, शेखर चौबे, छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।


