मैहर। नागपंचमी को विगत 60 वर्षो से श्री बजरंग अखाड़ा मैहर की ओर से ईनामी कुश्ती दंगल का आयोजन अखाड़े के संचालक अधिवक्ता केशव प्रसाद चौरसिया के प्रयासों से किया जा रहा है। जिसमें कि स्थानीय पहलवानो के अलावा भोपाल, जबलपुर, इंदौर, यूपी, कटनी, भटनवारा, नागौद एवं उंचेहरा आदि के कुल 36 पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन कर नगद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्राप्त किया। पहलवानों में अनुराग पहलवान, शुभम भोपाल, लवकुश पहलवान यूपी, सौरभ एवं रघु कटनी की कुश्ती सराहनीय रही। सबसे हाईस्ट कुश्ती 1600 की सलीम पहलवान जबलपुर और लवकुश पहलवान यूपी की रही जहांकि लवकुश पहलवान विजयी रहे। दंगल का शुभारंभ नागेंद्रनाथ बडगइयां के अखाड़ा पूजन से हुआ। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष धर्मेश घई द्वारा पहलवानों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिए गए। दंगल के मध्य में पत्रकारों एवं मैहर को गौरव दिलाने वाले प्रतिभावानो का सम्मान किया गया जिसमें पत्रकार भक्तराज दुबे, रामप्रकाश गुप्ता एवं राकेश द्विवेदी को पत्रकारिता के लिए शाल श्रीफल से सम्मनित किया गया। डॉक्टर बृजेश चौरसिया को अंतर्राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने, आकाश चौरसिया इंदौर को ऑल इंडिया प्रतियोगिता फिटनेस में प्रथम स्थान एवं अरुण तनय मिश्रा को शिक्षा, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। दंगल में निर्णायक हिटलर पहलवान, दिनकर तिवारी एवं मोहन पहलवान रहे।


