जबलपुर। कलेक्टर एवं जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के चेयरमैन राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी संचालक मंडल की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सांस्कृतिक विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के लिए अवसर, डिजिटल सेवाओं और प्रशासनिक दक्षता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राम प्रकाश अहिरवार, सीईओ देवेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भंवरताल स्थित संस्कृति थिएटर को आम नागरिकों और संस्थाओं के लिए किफायती दरों पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। अब सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 2 घंटे का शुल्क 10 हजार, 4 घंटे का 15 हजार और 6 घंटे का 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इससे स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा।
मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स फेज-2 की छह दुकानों की ऑनलाइन नीलामी पारदर्शी ई-टेंडरिंग के माध्यम से होगी। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और स्मार्ट सिटी को राजस्व प्राप्त होगा।
युवाओं में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट सिटी इनक्यूबेशन सेंटर का संचालन अब स्मार्ट सिटी स्वयं करेगी। वहीं एनएमटी कॉरिडोर और डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन नगर निगम को सौंपा जाएगा।
रांझी स्थित एलएनवाई स्कूल परिसर के मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी अब संभाग के अन्य निकायों और सरकारी विभागों को डीपीआर, टेंडर प्रक्रिया, सुपरविजन एवं तकनीकी कंसल्टेंसी सेवाएं भी देगी।
बैठक में स्वतंत्र निदेशक एवं महापौर प्रतिनिधि श्रीमती डिंपल टाँक, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश जयवर्धन सिंह, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। स्वतंत्र निदेशक शिवानंद स्वामी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।


