जबलपुर। पड़ोसी जिले मंडला के निवास स्थित संदीपनी स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र के बैग से सिक्स राउंड रिवॉल्वर मिलने की घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घटना सामने आने के बाद जबलपुर के स्कूल प्रबंधन भी सतर्क हो गए हैं।
संदीपनी स्कूल में शिक्षक विद्यार्थियों के बैग की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक छात्र के बैग से रिवॉल्वर बरामद हुई। सूचना मिलते ही निवास थाना की पुलिस टीम स्कूल पहुंची। जांच में हथियार असली पाए जाने पर पुलिस ने उसे जब्त कर छात्र को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पूछताछ में छात्र ने बताया कि रसलगंज निवासी एक युवक ने करीब दो माह पहले उसे रिवॉल्वर दी थी। छात्र के अनुसार वह हथियार को पेंट कराने के लिए स्कूल लेकर आया था। पुलिस ने इस बयान को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और रसलगंज निवासी उस युवक तक पहुंच गई, जिसने कथित तौर पर छात्र को हथियार दिया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद रिवॉल्वर पुरानी बताई जा रही है, जिसके बट पर यूएसए नंबर 38 अंकित है। पुलिस हथियार पर दर्ज कोड और अन्य विवरणों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार छात्र तक कैसे पहुंचा और उसे स्कूल लाने के पीछे उसकी क्या मंशा थी।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद जबलपुर के स्कूल प्रबंधन भी अलर्ट हो गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विद्यार्थियों के बैग की आकस्मिक जांच और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।


