25.5 C
Jabalpur
August 24, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

मनेरी पेट्रोल पंप डकैती का मास्टरमाइंड गिरफ्तार


जबलपुर से पकड़ा गया इंजीनियरिंग छात्र
जबलपुर। मंडला जिले के मनेरी स्थित अतुलित फिलिंग सेंटर में हुई पेट्रोल पंप डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के कथित मास्टरमाइंड आयुष विश्वकर्मा को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 10 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त की देर रात बरेला-निवास मार्ग पर मनेरी स्थित अतुलित फिलिंग सेंटर पर स्कॉर्पियो से पहुंचे सात नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट कर 93 हजार 875 रुपए लूट लिए थे। घटना के बाद मंडला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जबलपुर पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

चार आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही अमित झारिया, पवन झारिया, सौरभ शर्मा और शिवम श्रीपाल को गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से पेट्रोल पंप से लूटे गए 50 हजार 500 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन बरामद की गई थी।

इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र है मुख्य आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आयुष विश्वकर्मा, गढ़ा पुरवा निवासी है और जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में सिविल इंजीनियरिंग का तीसरे वर्ष का छात्र है। पुलिस का दावा है कि इसी आरोपी ने पेट्रोल पंप पर डकैती की साजिश रची और अन्य युवकों को वारदात में शामिल किया।

दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
आयुष की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे वारदात की पूरी साजिश और फरार दो अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस टीमों ने मनेरी से लेकर जबलपुर के बरेला, भूकंप कॉलोनी और मेडिकल कॉलेज क्षेत्र तक अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी थी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में डकैती की योजना, आरोपियों की भूमिका और लूट की रकम से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

अन्य ख़बरें

अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु कक्ष में लगी आग, तीन मासूम बच्चों की मौत

Newsdesk

मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Newsdesk

किराना दुकान से राइस मिल तक  का सफर, दिनेश गुप्ता ने 50 लोगों को दिया रोजगार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading