25.1 C
Jabalpur
August 24, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

15 वर्षों से बैगा अंचल में सेवा की अलख जगा रहे रामेश्वर कटरे, मंत्री विजय शाह बोले—समाज को ऐसे लोगों की जरूरत



परसवाड़ा। दक्षिण बैहर के अडोरी ग्राम पंचायत अंतर्गत कोंडेकशा गांव में आयोजित सेवा कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने परसवाड़ा के समाजसेवी रामेश्वर कटरे की वर्षों से जारी निस्वार्थ सेवा भावना की मुक्तकंठ से सराहना की। वनांचल के जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर सेवा और सहयोग की कटरे की पहल ग्रामीणों के लिए आत्मीयता और संवेदना का संदेश बनकर सामने आई।
कार्यक्रम के दौरान रामेश्वर कटरे की ओर से बुजुर्ग माताओं को मच्छरदानियां तथा जरूरतमंद बच्चों को कपड़े, चप्पल और जूते वितरित किए गए। दूरस्थ वनांचल में जब जरूरतमंद परिवारों तक यह सहयोग पहुंचा तो उनके चेहरों पर आई खुशी और संतोष ने पूरे वातावरण को भावुक कर दिया। कटरे के लिए जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर आने वाली मुस्कान ही सेवा कार्य की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने रामेश्वर कटरे की सेवा भावना की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि वे पिछले 15 वर्षों से अपने निजी संसाधनों और मेहनत की कमाई से बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में लगातार सेवा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज को रामेश्वर कटरे जैसे लोगों की आवश्यकता है, जो किसी अपेक्षा के बिना दूरस्थ वनांचल में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचते हैं और उनकी आवश्यकताओं को समझकर सहयोग करते हैं।
मंत्री ने कहा कि रामेश्वर कटरे ने जिस निरंतरता, आत्मीयता और समर्पण के साथ वनांचल के लोगों के बीच अपनी सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाया है, वह अपने आप में प्रेरणादायी है। ऐसे सेवाभावी व्यक्तित्वों का समाज में सम्मान और प्रोत्साहन होना चाहिए, ताकि उनकी सेवा भावना से अन्य लोग भी प्रेरित हों और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
कुंवर विजय शाह ने कहा कि सरकार अपनी ओर से जनजातीय क्षेत्रों के विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है, लेकिन समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी से इन प्रयासों को और मजबूती मिलती है। उन्होंने रामेश्वर कटरे के साथ मिलकर वनांचल में स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कार्य करने की बात कही। साथ ही बैगा समुदाय के लिए विशेष प्रोजेक्ट तैयार करने की दिशा में कार्य करने का आश्वासन दिया।
मंत्री के इन प्रोत्साहन भरे शब्दों पर रामेश्वर कटरे ने कहा कि उनके लिए यह प्रशंसा मात्र नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प को और मजबूत करने वाली संजीवनी है। उन्होंने कहा कि जब तक सामर्थ्य है, तब तक वनांचल के जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर सेवा, जागरूकता और सहयोग का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
रामेश्वर कटरे लंबे समय से वनांचल के गांवों में जरूरतमंद परिवारों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के बीच पहुंचकर विभिन्न माध्यमों से सहयोग करते रहे हैं। उनका प्रयास केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता के प्रति उन्हें जागरूक करना भी उनके सेवा कार्यों का हिस्सा रहा है।
इसी दौरान मंत्री ने बैगा अंचल की स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। कुंडेकसा में स्थायी एंबुलेंस की व्यवस्था, आवश्यकता वाले क्षेत्रों में एएनएम पदस्थापना के प्रस्ताव, पाथरी सहित पात्र स्थानों पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने तथा 25 हजार की आबादी पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मापदंड के अनुसार अन्य पात्र जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र खोलने के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। बैगा समाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्वास्थ्य शिविर, कुपोषण दूर करने थ्री लेयर नर्सरी योजना, बैगा बहुल क्षेत्रों में ‘बैगा मार्ट’ तथा स्कूल-आंगनबाड़ी तक सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी, लांजी विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगतसिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, बैहर एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Newsdesk

किराना दुकान से राइस मिल तक  का सफर, दिनेश गुप्ता ने 50 लोगों को दिया रोजगार

Newsdesk

वर्षा के दौरान कक्षों में पानी गिरने की समस्या के निदान हेतु भवन मरम्मत कार्य जारी

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading