संचेती फाउण्डेशन द्वारा किया गया मच्छरदानी का वितरण
हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल), एमसीपी एवं एसएमएस लिमिटेड मलाजखंड द्वारा संचेती फाउंडेशन नागपुर के माध्यम से सीएसआर प्रावधान के तहत बिरसा विकासखंड के बैगा जनजाति बहुल ग्रामों में मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 24 अगस्त को जनजाति वर्ग के लोगों को 1000 मच्छरदानियों का वितरण किया गया।
संचेती फाउंडेशन द्वारा बिरसा विकासखंड के ग्राम घुम्मुर, चिखली, मुरकुट्टा, परसाही एवं कोडबीरकोना में वर्षा ऋतु के दौरान मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से मच्छरदानियां वितरित की गईं। इसका उद्देश्य मलेरिया, डेंगू सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों से ग्रामीणों को बचाव के प्रति जागरूक करना और आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम के दौरान एसएमसी कंपनी से श्री प्रवीण कुमार सिंह, शीतल भगत, आशिक एले, राजू पंचतिलक, दुर्गेश गौतम, राजू कटरे एवं देवन नरताम उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत घुम्मुर के सरपंच श्री जयपाल तिलगाम, पंचायत समन्वय अधिकारी श्री डीएस परते तथा पंचायत सचिव रफीक खान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।


