22.9 C
Jabalpur
August 28, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

अमलाई में अकीदत के साथ निकला ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, भाईचारे और सौहार्द से गूंजा नगर


अमलाई। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर अमलाई नगर में मुस्लिम समाज द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। ईद मिलादुन्नबी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए शांति, प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अमलाई अंजुमन कमेटी द्वारा जुलूस का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। नगर के विभिन्न स्थानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जुलूस अमलाई मस्जिद से शुरू होकर इंदिरा नगर और मोहड़ा होते हुए वापस अमलाई मस्जिद में संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में धार्मिक नारों की गूंज सुनाई देती रही और लोगों में पर्व को लेकर उत्साह नजर आया।

जगह-जगह लंगर की व्यवस्था

जुलूस के मार्ग में लोगों ने अपने-अपने घरों के पास लंगर, शरबत, नाश्ता, खीर और गुलाबजामुन की व्यवस्था की। जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों का जगह-जगह स्वागत किया गया। हर वर्ग के लोगों ने अपनी सहभागिता निभाते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।

दुर्गा मंदिर चौराहे पर नगर परिषद की उपाध्यक्ष डॉ. राज तिवारी और करणी सेना के प्रदेश मंत्री देवी सिंह ने मिठाई बांटकर सभी को ईद मिलादुन्नबी की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं दुर्गा मंदिर मार्केट में वार्ड नंबर 7 के पार्षद पवन कुमार चीनी ने भी जुलूस में शामिल लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर विभिन्न धर्मों के स्थानीय नागरिकों ने भी मुस्लिम समाज के लोगों को बधाई और मुबारकबाद दी। लोगों के आपसी मेल-जोल से अमलाई में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।

पुलिस-प्रशासन का रहा सहयोग

जुलूस के दौरान चचाई थाना प्रभारी फूलवती अहिरवार अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालती रहीं। वहीं तहसीलदार ज्ञान दास पनिका एवं डीएसपी अरविन्द जैन भी मौके पर उपस्थित रहे। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी और लोगों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

जुलूस के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए अंजुमन कमेटी ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। कमेटी ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों और नगरवासियों के प्रति भी आभार जताया।

आयोजन को सफल बनाने में अंजुमन कमेटी के सदर रब्बानी, मुमताज, सिकंदर, अंसार, रईस, इदरीश, एहसानउल मुस्ताक, सरताज, शहजाद, राज, मुर्तुजा, एजाज, सद्दाम, सैफ, आजाद और नौशाद असलम सहित कमेटी के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अन्य ख़बरें

160 संविदा कर्मियों को मिली नियमित नौकरी, ऊर्जा मंत्री ने किया ऐलान

Newsdesk

सांदीपनी स्कूल में जवानों की कलाई पर बंधा रक्षासूत्र, बहनों ने मनाया रक्षाबंधन

Newsdesk

तेवर में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading