कटंगी के ग्राम कुसली की घटना, युवक के सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें, आरोपियों ने मोबाइल भी तोड़ा
जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कुसली में पुरानी रंजिश को लेकर काम से घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने युवक को हाथ-मुक्कों और लाठी से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता, भाई और बहनों के साथ भी मारपीट की गई। हमले में युवक के सिर, हाथ और पैर में अधिक चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम कांटी निवासी 18 वर्षीय मनोज चौधरी ने 26 अगस्त की रात घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। मनोज मजदूरी करता है। उसका बड़ा भाई करन चौधरी ग्राम कुसली से काम करने के बाद घर लौट रहा था।
शाम करीब 7 बजे मनोज अपने पिता सुदर्शन चौधरी और मां सुषमा बाई के साथ घर पर था। इसी दौरान गांव के बकील राजपूत ने आकर बताया कि अजय चौधरी और केशव चौधरी करन के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मनोज अपने माता-पिता और बहनों के साथ मौके पर पहुंचा।
लाठी लेकर पहुंचा तीसरा आरोपी
मनोज का आरोप है कि मौके पर अजय और केशव पुरानी रंजिश को लेकर करन के साथ गाली-गलौज एवं हाथ-मुक्कों से मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान प्रमोद चौधरी लाठी लेकर पहुंचा और उसने भी करन पर हमला कर दिया।
परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो नमईया चौधरी ने मनोज की बहन शिवानी को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उसके सिर में चोट आ गई। आरोपियों ने मनोज, उसकी बहनों और माता-पिता के साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
हमले में करन के सिर, हाथ और पैरों में अधिक चोटें आई हैं। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
कटंगी पुलिस ने अजय चौधरी, केशव चौधरी, प्रमोद चौधरी और नमईया चौधरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए), 118(1), 115(2), 324(4), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


