24 C
Jabalpur
August 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

बेटे को बचाने नर्मदा में उतरे पिता का शव दो दिन बाद मिला शव

जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र के भड़पुरा घाट पर बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। बेटे को डूबता देख उसे बचाने के लिए पिता भी तेज बहाव वाली नर्मदा में उतर गए, लेकिन दोनों नदी की धार में बह गए। घटना के दो दिन बाद शुक्रवार को पिता का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर उतराता हुआ मिला, जबकि 10 वर्षीय लकी पाटिल की तलाश अब भी जारी है।

शनिवार को चरगवां पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने एक बार फिर नर्मदा नदी में सर्चिंग अभियान शुरू किया है। नदी के तेज बहाव को देखते हुए नरसिंहपुर पुलिस को भी अलर्ट किया गया है, ताकि नदी के संभावित इलाकों में भी बच्चे की तलाश की जा सके।

आश्रम आए थे महाराष्ट्र के पाटिल परिवार के लोग

जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के जलगांव निवासी किसान गणेश पाटिल मंगलवार को अपनी पत्नी रागिनी, बेटों विराट और लकी तथा अन्य रिश्तेदारों के साथ भड़पुरा स्थित सुनील महाराज के आश्रम आए थे।

बुधवार शाम आश्रम से लगे घाट पर कुछ बच्चे नर्मदा नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान 10 वर्षीय लकी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

बेटे को बचाने दौड़े पिता, दोनों नदी में बहे

लकी को नदी में डूबता देखकर उसके पिता गणेश पाटिल ने तत्काल उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। उन्होंने बेटे का हाथ पकड़कर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि दोनों ही पानी की धार में बह गए।

कुछ ही देर में पिता-पुत्र नदी में लापता हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों नदी के तेज बहाव में बहते दिखाई दे रहे हैं।

रस्सी डालकर बचाने का भी किया गया प्रयास

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने पिता-पुत्र को बचाने के लिए रस्सी नदी में डालकर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण प्रयास सफल नहीं हो सका।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई। हालांकि बरगी बांध के गेट खुले होने के कारण नर्मदा का बहाव काफी तेज था, जिससे बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

दो किलोमीटर दूर मिला गणेश का शव

गुरुवार को जबलपुर से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। लगातार सर्चिंग के बाद शुक्रवार को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर गणेश पाटिल का शव पानी में उतराता हुआ मिला।

पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। पोस्टमार्टम के बाद परिजन गणेश का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए महाराष्ट्र रवाना हो गए।

अब बेटे लकी की तलाश जारी

पिता का शव मिलने के बाद अब पुलिस और एसडीआरएफ की टीम का पूरा ध्यान 10 वर्षीय लकी पाटिल की तलाश पर है। शनिवार को भी नर्मदा नदी में सर्चिंग अभियान जारी है। नदी के तेज बहाव को देखते हुए नरसिंहपुर पुलिस को भी सूचना दी गई है। आशंका वाले संभावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है, ताकि लकी का पता लगाया जा सके।

अन्य ख़बरें

जबलपुर रेल मंडल के चितहरा में रेल लाइन पर कई फुट पानी भरा

Newsdesk

अखिलेश यादव पर मंत्री सुरेश खन्ना का पलटवार, बोले- अपने कार्यकाल की कानून-व्यवस्था याद करें

Newsdesk

पमरे खेलकूद संघ द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल महोत्सव का आयोजन

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading