जबलपुर। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कोतवाली थाना क्षेत्र में लगाए गए फिलिस्तीन समर्थक पोस्टर और बैनर को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मामले में विश्व हिंदू महासंघ ने रविवार को पुलिस अधीक्षक के नाम कोतवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
संगठन का आरोप है कि कोतवाली से मिलोनीगंज और नालबंद मोहल्ला रोड के बीच विद्युत खंभों पर फिलिस्तीन के समर्थन में पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। महासंघ ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर पोस्टर लगाने वाले लोगों की पहचान करने और उनके विरुद्ध कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विकास कुमार खरे, नीरज पाठक, मनोज सेन, अभय श्रीवास्तव, धर्म जाट, मोंटू महाराज, पीयूष अग्रवाल, श्रीकांत गुरु और गौरव पांडे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटवाए पोस्टर
बताया गया है कि ईद मिलादुन्नबी के मौके पर कोतवाली से मिलोनीगंज और नालबंद मोहल्ला रोड के बीच कुछ विद्युत खंभों पर फिलिस्तीन समर्थक पोस्टर लगाए गए थे। पोस्टर दिखाई देने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पोस्टरों को तत्काल हटवा दिया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पोस्टर किसने लगाए थे और इन्हें लगाने के पीछे क्या उद्देश्य था।
विश्व हिंदू महासंघ ने पुलिस से मामले की जांच जल्द पूरी कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।


