जबलपुर। रांझी क्षेत्र स्थित पनेहरा पेट्रोल पंप (अमीर एंड संस) परिसर में संचालित किए जा रहे डोमिनोस आउटलेट को प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच के बाद सील कर दिया। जांच के दौरान आउटलेट के पास आवश्यक फायर एनओसी नहीं होना सामने आया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
दरअसल, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ के साथ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत केंट विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान दोपहर बाद पनेहरा स्थित अमीर एंड संस पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया था। इस दौरान पेट्रोल पंप परिसर में संचालित डोमिनोस आउटलेट की भी जांच की गई।
पेट्रोल पंप परिसर में अग्नि सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेट्रोल पंप परिसर में किसी बड़े अग्नि हादसे की आशंका को देखते हुए डोमिनोस आउटलेट से संबंधित सभी आवश्यक अनुमतियों और दस्तावेजों की तत्काल जांच करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने आउटलेट के दस्तावेजों की देर शाम तक जांच की। जांच के दौरान सबसे महत्वपूर्ण फायर एनओसी उपलब्ध नहीं मिली।
दस्तावेजों की जांच के बाद सीलिंग की कार्रवाई
फायर एनओसी नहीं होने और अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों ने डोमिनोस आउटलेट को सील करने की कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पेट्रोल पंप परिसर में बिना आवश्यक अग्नि सुरक्षा अनुमति के संचालित किए जा रहे आउटलेट को लेकर सवाल भी खड़े हो गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील परिसर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी आवश्यक अनुमतियों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।


