September 1, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

6वीं वाहिनी में सैनिक सम्मेलन एवं सेवा निवृत्ति समारोह आयोजित



सेवानिवृत्त कर्मियों का सम्मान किया गया
जबलपुर। 6वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जबलपुर में सोमवार को सैनिक सम्मेलन के साथ सेवा निवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेनानी सिद्धार्थ चौधरी, IPS, उप सेनानीगण, सहायक सेनानी, अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।
सैनिक सम्मेलन के दौरान सेनानी सिद्धार्थ चौधरी के मार्गदर्शन में बीते महीनों में वाहिनी द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी गई। इनमें अबेकस क्लासेज का संचालन, फिजियोथेरेपी केंद्र एवं बॉडी कंपोजीशन एनालाइजर मशीन की स्थापना, खेल मैदानों का सुधार, e-HRMS में निर्धारित समय-सीमा से पहले लक्ष्य प्राप्त कर ऑनलाइन अवकाश व्यवस्था को सुचारू बनाना, प्रदेश के प्रथम संवेदनशीलता उद्यान (कैक्टस गार्डन) का निर्माण तथा वाहिनी परिसर में पक्की सड़कों का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल रहे।
सम्मेलन के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से सेनानी को अवगत कराया। सेनानी श्री सिद्धार्थ चौधरी ने सभी का मार्गदर्शन करते हुए बेहतर कार्य संस्कृति, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए प्रेरित किया।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान
इसके बाद आयोजित सेवा निवृत्ति समारोह में सहायक उप निरीक्षक वाहन शाखा श्री कृष्ण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक ब्रज भूषण पांडेय, सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार सुब्बा, सहायक उप निरीक्षक प्रेम डोभाल, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ तथा प्रधान आरक्षक शिवराज प्रसाद को सम्मानित किया गया।
सेनानी सिद्धार्थ चौधरी ने परंपरानुसार सभी सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को पुष्पहार, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव और संस्मरण साझा किए। उनके वक्तव्यों में वर्षों का अनुभव, संघर्ष, अपनापन और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण की झलक दिखाई दी।
सेनानी श्री चौधरी ने सेवानिवृत्त हो रहे साथियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

अन्य ख़बरें

गांवों को विवाद विहीन बनाने की ओर एक सार्थक पहल

Newsdesk

भेड़ाघाट में हेलीपैड बनने का रास्ता साफ

Newsdesk

बरगी बांध का जलस्तर 421.65 मीटर पर, 91.57% भरा जलाशय

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading