जबलपुर। मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहोरा-सिलोड़ी मार्ग पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कन्हाई देवरी गांव के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
काम निपटाकर घर लौट रहे थे तीन दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमलई सिलोड़ी निवासी तीन युवक मंगलवार को किसी काम से मोटरसाइकिल से मझगवां आए हुए थे। शाम को अपना काम निपटाकर वे वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे कन्हाई देवरी के पास पहुंचे, एक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दुर्गेश दहिया के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और निजी एंबुलेंस की मदद से घायल सोनू बर्मन (35) तथा सूरज बर्मन (18) को तत्काल सिहोरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों घायलों की चिंताजनक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


