निपुण विद्यालय रोडमैप 2026-27 के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्नजबलपुर। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफएलएन) संबंधी दक्षताओं के विकास के उद्देश्य से राज्य शिक्षा केंद्र एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों के तहत बुधवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। पीएसएम सभागृह में आयोजित कार्यशाला में निपुण विद्यालय रोडमैप 2026-27 का शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत एवं संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि जिले की सभी शालाओं को चरणबद्ध तरीके से निपुण विद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए समन्वित एवं निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि निपुण विद्यालय रोडमैप का उद्देश्य बच्चों के बुनियादी अधिगम स्तर में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करना है। इसके लिए विद्यालय स्तर पर नियमित गतिविधियों के साथ-साथ सतत मॉनिटरिंग भी जरूरी है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में कार्यशाला के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों को ‘निपुण विद्यालय संकल्प शपथ’ भी दिलाई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों की नियमित निगरानी करने तथा बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में आगामी दिनों में जिले के विद्यालयों को निपुण विद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना पर पीपीटी के माध्यम से विस्तार से प्रस्तुतिकरण किया गया। अधिकारियों ने कार्ययोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान की वर्तमान स्थिति के आकलन की प्रक्रिया की जानकारी दी।
बताया गया कि विभिन्न अधिकारियों के दल विद्यालयों का भ्रमण कर बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान संबंधी दक्षताओं का आकलन करेंगे। आकलन के आधार पर विद्यालयों को आवश्यक फीडबैक उपलब्ध कराया जाएगा और सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से अधिगम स्तर में सुधार के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यशाला में जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे, डीपीसी योगेश शर्मा, निपुण टीम से प्रियांक मंडल, डाइट प्राचार्य वाई.एन. द्विवेदी, एपीसी राजेश तिवारी, आर.के. उपाध्याय, अजय रजक, सुरेंद्र जैन, रत्नेश मिश्रा, निपुण टीम के विवेक तिवारी, राजा शुक्ला, पंखुड़ी आनंद, सेजल सहित समस्त बीआरसी, बीएसी, जनशिक्षक एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीएसी अजय रजक ने किया।


