आबकारी अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने दिये सख्त निर्देशजबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जिले की प्रत्येक मदिरा दुकान पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड लगाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश आबकारी अधिकारियों को दिये हैं। बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में आबकारी विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए श्री सिंह ने शराब के अवैध विक्रय और निर्धारित विक्रय मूल्य से अधिक कीमत पर मदिरा की बिक्री की शिकायतों पर भी कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर रविशंकर राय, अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह एवं सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे भी मौजूद थे।
कलेक्टर ने बैठक में मदिरा दुकानों पर क्यूआर कोड और रेट लिस्ट लगाए जाने के संबंध में जानकारी ली। साथ ही शराब दुकानों के समीप संचालित अहातों पर की गई कार्यवाही तथा इस वर्ष आरोपित की गई पेनाल्टी और जमा राशि का भी ब्यौरा लिया। उन्होंने निर्धारित मूल्य से अधिक पर मदिरा बेचे जाने से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा उन पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
श्री सिंह ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री एवं अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की शिकायतों पर की जा रही कार्यवाही का असर मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने आबकारी विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की परिक्षेत्रवार समीक्षा भी की तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और आवेदक की संतुष्टि के साथ निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।


