लामता–उगली–परसवाड़ा–चांगोटोला क्षेत्र के लोगों ने कहा- रेल सुविधा बढ़ने से बचेगा समय और पैसा_
चांगोटोला- लामता, उगली, परसवाड़ा और चांगोटोला क्षेत्र में पर्याप्त यात्री रेल सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों और श्रमिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर बुधवार को नगरवाड़ा रेलवे स्टेशन पर क्षेत्रवासियों ने रेल प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ाई के लिए तथा श्रमिक रोजगार के लिए बालाघाट सहित अन्य शहरों में प्रतिदिन आवागमन करते हैं। पर्याप्त यात्री ट्रेनें नहीं होने के कारण उन्हें बसों पर निर्भर रहना पड़ता है। महंगे बस किराए के चलते गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
ज्ञापन में गोंदिया–जबलपुर पैसेंजर ट्रेनों के फेरे बढ़ाकर कम से कम चार-चार करने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि इससे दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। वहीं नगरवाड़ा स्टेशन पर करीब 450 मीटर और लामता स्टेशन पर करीब 350 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म का उल्लेख करते हुए क्षेत्रवासियों ने कहा कि प्लेटफॉर्म की पर्याप्त लंबाई होने के बावजूद ट्रेनों के ठहराव का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि रेल सुविधाओं को लेकर पूर्व में भी ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने कहा कि रेल सुविधा बढ़ाना केवल आवागमन का मुद्दा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की शिक्षा, मजदूरों के रोजगार और क्षेत्र के आर्थिक विकास से जुड़ा विषय है। अब लोगों की निगाहें रेल प्रशासन और रेल मंत्रालय के निर्णय पर टिकी हैं।


