जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में एलआईसी कार्यालय के समीप फ्लाईओवर ब्रिज पर बीती रात तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक घायल हो गया।
बताया जाता है कि कार तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक का स्टेयरिंग से नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। कार में फंसे चालक को लोगों ने बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के दौरान कार के पीछे चल रहे बाइक सवार भी दुर्घटना की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।


