चक्की खमरिया के स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजन मंडली ने बांधा समां, राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने_
कुरई -श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर क्षेत्र के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। विकासखंड के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन, नृत्य एवं भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यालय परिसर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
चक्की खमरिया के विभिन्न विद्यालयों में भी जन्माष्टमी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सरस्वती शिशु मंदिर चक्की खमरिया एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू विद्यालय चक्की खमरिया में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यक्रमों की सराहना की।
विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से परिचित कराना रहा। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालयों में सजे रंग-बिरंगे परिसर और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया।
क्षेत्रभर के विद्यालयों में जन्माष्टमी के आयोजन से विद्यार्थियों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।


