संयुक्त राष्ट्र, सीरिया में विस्फोटक हथियारों और बारूदी सुरंगों से लोगों की जान पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। संयुक्त राष्ट्र की मानवीय एजेंसी ने इसको लेकर चेतावनी दी है। संयुक्त राष्ट्र मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने शुक्रवार को कहा कि विस्फोटकों से फैले प्रदूषण का असर सिर्फ लोगों के रहने की जगह पर ही नहीं, बल्कि उनके आने-जाने, काम करने और परिवार का पालन-पोषण करने के तरीके पर भी पड़ रहा है।
ओसीएचए ने बताया, “पिछले एक हफ्ते में सीरिया के छह प्रांतों में विस्फोटक हथियारों से जुड़ी एक दर्जन घटनाएं दर्ज की गईं, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह बच्चे थे और 13 अन्य घायल हो गए।”ओसीएचए ने कहा कि 8 दिसंबर 2024 से अब तक सीरिया में विस्फोटक हथियारों से जुड़ी 1,400 से ज्यादा घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें करीब 2,500 आम नागरिक हताहत हुए हैं, जिनमें 880 लोगों की मौत शामिल है।
दो-तिहाई से ज्यादा घटनाएं खेती और चरागाह की जमीन पर हुई हैं, जो किसानों, चरवाहों और गांवों के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए जोखिम को कम करने के लिए बड़े पैमाने पर सफाई अभियान की तत्काल जरूरत को दिखाती है। कार्यालय ने कहा कि माइन एक्शन पर काम करने वाले साझेदार इस बात पर जोर देते हैं कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित घर लौटने के लिए विस्फोटक हथियारों के जोखिम के बारे में शिक्षा, सफाई अभियान और प्रभावित लोगों के लिए सहायता जरूरी है।


