जबलपुर। शहर के प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर (पचमठा) में देर रात दो नकाबपोश चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में घुसते ही आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और इसके बाद दानपेटी व अलमारी को निशाना बनाया। चोर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
मंदिर के पुजारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 बजे मंदिर में ताला लगाकर वे घर चले गए थे। शनिवार सुबह मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर दानपेटी गायब थी और भगवान का आसन भी अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी राजेश्वरी कौरव और टीआई विपिन ताम्रकार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक अशोक रोहाणी भी मंदिर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो अधिकांश कैमरे टूटे मिले। हालांकि एक कैमरा चोरों की नजर से बच गया। उसकी फुटेज में दो संदिग्ध मंदिर से बाहर जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
सीएसपी के मुताबिक, घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया है। टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें आसपास के इलाकों में भेजी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


