जबलपुर। जिले में विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने नगद पुरस्कार घोषित किए हैं। गिरफ्तारी, सूचना देने या सहयोग करने वाले व्यक्तियों को नियमानुसार प्रकरणवार इनाम दिया जाएगा।
सूची में तिलवारा, सिविल लाइन, गोहलपुर और गोरखपुर थानों के कुल 9 प्रकरण शामिल हैं। तिलवारा थाना अपराध क्रमांक 93/25 में कूटरचित दस्तावेजों से आदिवासी भूमि के धोखाधड़ीपूर्ण अंतरण के मामले में चार अज्ञात आरोपियों पर प्रत्येक 5 हजार रुपये का इनाम है। इसी मामले में शांति देवी यादव की गिरफ्तारी पर 4 हजार रुपये घोषित किए गए हैं।
सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 284/25 में रेलवे स्टेशन के बाहर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले दो अज्ञात आरोपियों पर प्रत्येक 5 हजार रुपये, जबकि अपराध क्रमांक 165/26 में हत्या के अज्ञात आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम है।
गोहलपुर अपराध क्रमांक 377/26 में करन ठाकुर, विक्की पटेल, संदीप उर्फ एडी चौधरी, हग्गू चौधरी, छोटू केवट और चंदन उर्फ पाटन विश्वकर्मा पर प्रत्येक 4 हजार रुपये घोषित हैं। सिविल लाइन के शेख शौराब अतहर गौहर पर 4 हजार, गोहलपुर के अनुराग बागोलिया और गोरखपुर के राज बेन पर 3-3 हजार तथा तिलवारा के एनडीपीएस मामले में सलमान पारधी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।


