स्पेशल ट्रेनों की जानकारी अब सोशल मीडिया रील्स के जरिए
जबलपुर। भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए सूचना तकनीक का आधुनिक इस्तेमाल शुरू किया है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रशासन ने स्पेशल ट्रेनों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी यात्रियों तक आसानी से पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया आधारित डिजिटल अभियान शुरू किया है। इसके तहत फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर छोटी वीडियो रील्स के माध्यम से ट्रेनों की समय-सारिणी, रूट और ठहराव की जानकारी दी जा रही है।
एनसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा के अनुसार, सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी मंच बन चुका है। यात्री सोशल मीडिया पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया देने के साथ अधिकारियों से सवाल भी पूछ सकते हैं, जिनका समाधान तत्परता से किया जा रहा है।
धार्मिक पर्यटन से जोड़ी जा रही यात्रा की जानकारी
डिजिटल अभियान के तहत तैयार की जा रही रील्स को यात्रियों के लिए आकर्षक और उपयोगी बनाया जा रहा है। वीडियो में संबंधित ट्रेन की संचालन तिथि, प्रस्थान का समय और मार्ग के प्रमुख स्टेशनों की जानकारी दी जाती है। इसके साथ ही यात्रा मार्ग में आने वाले प्रसिद्ध ऐतिहासिक किलों, मंदिरों और पर्यटन स्थलों की झलक भी दिखाई जा रही है।
इससे यात्रियों को ट्रेन की जानकारी के साथ-साथ यात्रा के दौरान घूमने योग्य स्थानों की जानकारी भी मिल रही है। रेलवे की जनसंपर्क टीम इन वीडियो को इस तरह तैयार कर रही है कि यात्री घर बैठे कम समय में अपनी यात्रा की पूरी रूपरेखा समझ सकें।
प्रयागराज-दादरी ट्रेन की पहली रील
इस डिजिटल अभियान के तहत पहली प्रमुख रील प्रयागराज-दादरी रूट पर संचालित विशेष ट्रेन के संबंध में बनाई गई। ट्रेन संख्या 04163-64 का हाल ही में नारायणपुर बाजार स्टेशन तक विस्तार किया गया है। रेलवे की जनसंपर्क टीम ने ट्रेन के विस्तारित मार्ग और संशोधित समय-सारिणी की जानकारी संक्षिप्त वीडियो के माध्यम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की।
पहले इस तरह की जानकारी कागजी विज्ञापनों या रेलवे पूछताछ केंद्रों तक सीमित रहती थी, लेकिन अब यात्री इसे सीधे अपने मोबाइल फोन पर देख सकते हैं।
बेंगलुरु स्पेशल की 38 सेकेंड की रील
इसी कड़ी में कानपुर से प्रयागराज होते हुए बेंगलुरु जाने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 04132-31 के लिए भी विशेष रील तैयार की गई है। करीब 38 सेकेंड की इस वीडियो में ट्रेन से जुड़ी आवश्यक जानकारी को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
रेलवे ने रील को अधिक से अधिक यात्रियों तक पहुंचाने के लिए ट्रेंडिंग संगीत का भी इस्तेमाल किया है। वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स पर तेजी से साझा किया जा रहा है। रेलवे का यह प्रयास यात्रियों को स्टेशन की पूछताछ खिड़की या लंबे नोटिफिकेशन पढ़ने के बजाय मोबाइल पर ही ट्रेन संबंधी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


