_10 विशेष जांच टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में की आकस्मिक चेकिंग, मीटर से छेड़छाड़ से लेकर स्मार्ट मीटर बायपास तक मिली अनियमितताएं_
सी टाइम्स सिवनी-बिजली चोरी एवं विद्युत के अवैध उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सिवनी शहर में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अधीक्षण अभियंता (संचा./संधा.) वृत्त सिवनी पी.के. गेडाम एवं कार्यपालन अभियंता आर.एस. डावर के निर्देशन में सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक चेकिंग की गई।
अभियान के लिए विभाग द्वारा 10 विशेष जांच टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान विद्युत कनेक्शनों एवं मीटरों की जांच की गई, जिसमें विद्युत उपयोग में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं। विभाग के अनुसार कुल 32 मामलों में अनियमितताएं पाए जाने पर विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जांच के दौरान मीटर से छेड़छाड़ कर उसकी गति धीमी करना, सर्विस लाइन में सीधे कट लगाकर विद्युत का उपयोग, अतिरिक्त अर्थिंग के माध्यम से बाइपास कर बिजली चोरी, घरेलू कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग, स्मार्ट मीटर को बाइपास करना तथा स्वीकृत भार से अधिक विद्युत भार का उपयोग जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
विद्युत विभाग ने बताया कि इन मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135, 138 एवं 126 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई है। विभाग द्वारा बिजली चोरी एवं अवैध उपयोग के विरुद्ध जांच अभियान को आगे भी क्रमबद्ध रूप से जारी रखने की बात कही गई है।
विभाग की इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने विद्युत उपभोक्ताओं से नियमों का पालन करने तथा स्वीकृत भार के अनुसार ही बिजली का उपयोग करने की अपील की है।


