जबलपुर। जमीन धोखाधड़ी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे जीएसके मेंबर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोपराइटर रमनीत सिंह सेठी को बरेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ बरेला थाने में 7 और गोरखपुर थाने में 1, कुल 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर बरेला थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़े मामलों में करीब 2 करोड़ 44 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक जबलपुर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी प्रीत विहार कॉलोनी स्थित साईं मंदिर के पास नर्मदा रोड पर मौजूद है। सूचना पर टीम ने 7 सितंबर को घेराबंदी कर रमनीत सिंह सेठी को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के बाद उसे सभी 8 मामलों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना बरेला प्रभारी निरीक्षक संगीता सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक केपी झारिया, उप निरीक्षक शशिकला उईके, सहायक उप निरीक्षक मुकेश पठारिया, आरक्षक क्रमांक 2332 अविनाश एवं आरक्षक क्रमांक 70 रवि शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


