पर
दिल्ली से पुरस्कार लेकर लौटे महापौर-निगमायुक्त का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागतजबलपुर। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर संस्कारधानी का गौरव बढ़ाया है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण करने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार जब डुमना एयरपोर्ट पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। महापौर और निगमायुक्त के पहुंचते ही ढोल-धमाकों और जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। लोगों ने पुष्पवर्षा कर दोनों का स्वागत किया और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। इस दौरान एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शहर की ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया गया।
‘यह सम्मान जबलपुर के हर नागरिक का’
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि जबलपुर के करीब 15 लाख नागरिकों, सफाई मित्रों और नगर निगम की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित जबलपुर बनाने में नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए पौधारोपण, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और अन्य पर्यावरणीय उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। इन प्रयासों से जबलपुर को राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल करने में मदद मिली।
इस उपलब्धि को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। नगर निगम के कर्मचारी संघों के पदाधिकारी भी स्वागत समारोह में उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता जबलपुर को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा देगी।


