विभागीय जांच से नाराज कर्मचारी के पति ने थप्पड़ और लात मारी
जबलपुर। जिला पंचायत कार्यालय में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक महिला परियोजना प्रबंधक के साथ दफ्तर में घुसकर मारपीट की गई। विभागीय जांच से बौखलाए एक कर्मचारी के पति ने कुर्सी पर बैठी महिला अधिकारी पर थप्पड़ और लातों की बरसात कर दी। इस अचानक हुए हमले से शासकीय कार्यालय में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत में परियोजना प्रबंधक के पद पर पदस्थ अंजुला झा अपने कक्ष में शासकीय कार्य कर रही थीं। दोपहर लगभग 12:15 से 12:30 बजे के बीच सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी के पति योगेश सोनी अचानक उनके कार्यालय में घुसे और अभद्रता करने लगे। देखते ही देखते आरोपी ने अपनी कुर्सी पर बैठी महिला अधिकारी को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर जब अन्य साथी कर्मचारी बीच-बचाव के लिए दौड़े और आरोपी को रोकने का प्रयास किया, तब भी उसने महिला अधिकारी को लात मार दी। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद योगेश सोनी को काबू में कर कार्यालय से बाहर खदेड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परियोजना प्रबंधक अंजुला झा, सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी के खिलाफ एक मामले में विभागीय जांच कर रही हैं। इसी रंजिश के चलते आरती सोनी के पति ने दफ्तर में घुसकर इस आपराधिक घटना को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी योगेश सोनी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


