जबलपुर। भागीरथी परिवार द्वारा प्रत्येक माह आयोजित किए जाने वाले उत्सवों की श्रृंखला में 55वां आयोजन कृष्णा होटल में हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस माह के आयोजन की मेजबानी श्रीमती तनुश्री मृगेंद्र सिंह ने की। गणेशोत्सव को समर्पित इस आयोजन में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम स्थल को केले के पत्तों, आम के पत्तों की तोरण, गेंदे के फूलों की बंदनवार तथा दूर्वा से सजी पूजन थालियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रीमती तनुश्री सिंह ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से भगवान श्रीगणेश का भक्तिभाव से आह्वान किया। भजनों और नृत्य के सुंदर समन्वय ने वातावरण को आध्यात्मिक और उत्सवमय बना दिया।
आयोजन में शामिल सभी परिजनों का तिलक लगाकर एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। पूरे सिंह परिवार ने आतिथ्य सत्कार की जिम्मेदारी निभाई। पूर्व महापौर श्रीमती सुशीला सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। उन्होंने मातृत्वपूर्ण स्नेह के साथ सभी को आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर माह में जन्मदिन वाले परिजनों का केक काटकर अभिनंदन किया गया। साज-सज्जा, प्रसादी और स्वागत व्यवस्था सभी ने खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा और आरती के साथ हुआ।
अगले माह भागीरथी परिवार का 56वां आयोजन ‘शरदोत्सव’ के रूप में होगा, जिसकी मेजबानी श्रीमती अलका विश्नोई करेंगी। इसमें भजन के साथ डांडिया रास और गरबा विशेष आकर्षण रहेगा। भागीरथी परिवार सनातनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।


