जबलपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर यातायात पुलिस का हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर विशेष अभियान जारी है। अभियान के तहत दोपहिया और चारपहिया वाहन शोरूम में कार्यशालाएं आयोजित कर स्टाफ व ग्राहकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देश पर 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चल रहे 10 दिवसीय अभियान का उद्देश्य चालानी कार्रवाई के साथ सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करना है।
2 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में यातायात के तीनों थानों ने कार्रवाई की। अधिकारियों ने साहिल होंडा और शुभ मोटर शोरूम में प्रशिक्षण देकर कर्मचारियों से वाहन डिलीवरी के समय ग्राहकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यशाला में दुर्घटना पीड़ितों की मदद से जुड़ी राहवीर योजना और कैशलेस योजना (पीएम राहत योजना) की जानकारी भी दी गई। राहवीर योजना के तहत गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को सम्मान, प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 625 चालकों के चालान किए गए और 2 लाख 17 हजार 400 रुपये समन शुल्क वसूला गया। पेंटीनाका चौक और छोटी लाइन फाटक पर पीए सिस्टम व सड़क सुरक्षा गीतों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।


