नई दिल्ली , दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने सोने की तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। दुबई से आए एक भारतीय यात्री के पास से 3.20 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 4.03 करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी के लिए सोने को दरवाजे में लगाए जाने वाले भारी हाइड्रोलिक उपकरण के भीतर छिपाकर लाया गया था।
सीमा शुल्क अधिकारियों के अनुसार, 19 अक्टूबर को दुबई से उड़ान संख्या ईके-512 के जरिए दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद अधिकारियों ने यात्री की मौके पर प्रारंभिक जांच की और उसके सामान की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक भारी हाइड्रोलिक उपकरण, जिसे दरवाजे को नियंत्रित करने के लिए लगाया जाता है, की जांच की गई। इसी उपकरण के भीतर सोना छिपाकर रखे जाने का पता चला।
अधिकारियों ने उपकरण को खोलकर जांच की तो उसके अंदर से छड़ के आकार में सोने के टुकड़े बरामद हुए। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 3.20 किलोग्राम पाया गया। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों की सतर्कता से तस्करी का यह प्रयास विफल हो गया।बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत 4.03 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोने की तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसे भारत में किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों की जांच का दायरा तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और उसके संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों तक बढ़ाया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।


