जबलपुर, 11 मई, 2021 | मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण निरंतर नियंत्रण में आ रहा है। प्रदेश में कोरोना पॉजिटिविटी रेट 25% तक पहुँच गई थी, जो लगातार कम हो रही है। अब यह घट कर 14.78% हो गई है। आज कोरोना के नए प्रकरण 9754 आए हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री कोविड कल्याण योजना में प्रदेश की अधिकांश जनसंख्या (88%) कवर हो रही है। केवल उच्च वर्ग छूटा है। इस योजना का सभी जिलों में लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केबिनेट की बैठक की कार्रवाई के पूर्व संबोधित कर रहे थे। बैठक में संबंधित मंत्री और अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए।
केबिनेट बैठक का प्रारंभ वंदे-मातरम् गायन के साथ हुआ। इसके बाद दिवंगत विधायक श्री जुगल किशोर बागरी, श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर एवं श्रीमती कलावती भूरिया को श्रद्धांजलि दी गई और 2 मिनिट का मौन रखा गया।


