26.5 C
Jabalpur
August 30, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीयहेडलाइंस

तेलंगाना में पतंगबाजी से पांच लोगों की मौत

हैदराबाद, 15 जनवरी । तेलंगाना में कुछ परिवारों के लिए मकर संक्रांति की खुशियां मातम में बदल गईं। पिछले कुछ दिनों के दौरान पतंगबाजी से जुड़ी घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।

जहां चार युवाओं की मौत करंट लगने और छत से गिरने के कारण हुई। वहीं, एक सैनिक खतरनाक ‘चीनी मांझे’ का शिकार हो गया।

इनमें से चार मौत हैदराबाद में हुईं जबकि पड़ोसी संगारेड्डी जिले में एक युवक की मौत हुई।

रविवार शाम हैदराबाद के पेट बशीराबाद में अपने अपार्टमेंट परिसर की छत से गिरने के बाद 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। डिग्री द्वितीय वर्ष का छात्र आकाश, अलवल पुलिस स्टेशन में तैनात राजशेखर पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक का बेटा था।

पुलिस के मुताबिक पतंग उड़ाते समय आकाश अपने पांच मंजिला अपार्टमेंट की छत से गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रविवार को संगारेड्डी जिले के जोगीपेट शहर में दो मंजिला घर की छत पर पतंग उड़ाते समय करंट लगने से 30 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पतंग उड़ाते समय सुब्रमण्यम हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गए और बिल्डिंग से गिर गए। उन्हें बचाने की कोशिश में उनकी पत्नी चामुंडेश्वरी देवी घायल हो गईं।

दंपति को संगारेड्डी ले जाया जा रहा था, लेकिन, सुब्रमण्यम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है। सुब्रह्मण्यम अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मकर संक्रांति मनाने के लिए इस्नापुर से अपने ससुराल आए थे।

इससे पहले हैदराबाद में दो अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों की जान चली गई। शनिवार को अट्टापुर में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग की छत पर पतंग उड़ाते समय करंट लगने से 11 वर्षीय तनिष्क की मौत हो गई।

लड़का अपने दोस्तों के साथ एक अपार्टमेंट की छत पर पतंग उड़ा रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह हाईटेंशन बिजली के तार के संपर्क में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरी घटना में नागोले में अपने दोस्तों के साथ छत पर पतंग उड़ाते समय एक लड़के की जान चली गई।

नागोले के एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा का 13 वर्षीय छात्र के. शिव प्रसन्ना पतंग उड़ाते समय चार मंजिला इमारत की छत से गिर गया। वह बगल की छत पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

नगरकुर्नूल में पतंग उड़ाते समय बिजली के तार के संपर्क में आने से एक लड़का घायल हो गया। उसे इलाज के लिए हैदराबाद शिफ्ट किया गया है।

बिजली अधिकारियों ने लोगों को बिजली प्रतिष्ठानों के पास पतंग नहीं उड़ाने की सलाह देते हुए कहा कि धातु लेपित ‘मांझा’ से बिजली का झटका लग सकता है और आपूर्ति नेटवर्क ट्रिप हो सकता है।

खौफनाक चाइनीज मांझे ने हैदराबाद में एक सैनिक की जान ले ली। 30 वर्षीय कगीथला कोटेश्वर रेड्डी का गला चीनी मांझे से उस समय कट गया, जब वह स्कूटी चला रहे थे।

यह घटना शनिवार शाम लंगर हौज में इंदिरा रेड्डी फ्लाईओवर पर हुई। बुरी तरह लहूलुहान सैन्य अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

कोटेश्वर रेड्डी आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले के पेद्दा वाल्तेरू के मूल निवासी थे। वह लंगर हौज स्थित बापू नगर इलाके में अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया है।

राज्य सरकार ने पक्षियों को बचाने के साथ-साथ इंसानों की सुरक्षा के लिए 2016 में मांझा पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।

अन्य ख़बरें

मोहन भागवत के बयान पर विपक्ष ने उठाए सवाल; सिब्बल बोले-भारत में विविधता की रक्षा पर कभी नहीं उठाई आवाज

Newsdesk

बौद्ध धरोहर को नया जीवन देगा भारत, पीएम मोदी बोले- उज्बेकिस्तान के साथ मिलकर करेगा संरक्षण

Newsdesk

संघ प्रमुख के हिंदू-मुस्लिम एकता वाले बयान का मौलाना साजिद रशीदी ने स्वागत किया

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading