जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र के ग्राम झिंगरई में जमीन विवाद को लेकर बुधवार शाम दो पक्षों के बीच भयंकर संघर्ष हो गया। घटना में 20 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों पर बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
हथियारबंद लोगों का हमला, तोड़फोड़ और लूट
आरोप है कि सरपंच प्रगति पटेल के पति जितेंद्र पटेल करीब 20–30 लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर प्रतिपक्ष राजेंद्र पटेल के घर में घुस गए। इस दौरान जमकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने महिलाओं पर भी हमला किया और करीब ₹50,000 नकद लूट लिए।
महिला गंभीर रूप से घायल
मारपीट में एक महिला को धारदार हथियार से गंभीर चोटें आईं, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुराना था जमीन विवाद
दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं और एक से दो एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गांववालों का कहना है कि सरपंच प्रगति पटेल के निर्वाचित होने के बाद से गांव के कार्यों में उनके पति की दखलअंदाजी बढ़ गई थी, जिससे तनाव और बढ़ गया था।
वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही खितौला पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों पर बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
गांव में तनाव का माहौल
वारदात के बाद झिंगरई गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को तत्काल सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर निगरानी रखी है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते विवाद को शांत नहीं कराया गया और कानून व्यवस्था सख्त नहीं हुई, तो गांव में फिर से हिंसा भड़क सकती है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है।


