जबलपुर। राजुल सिटी में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। बीते कुछ महीनों में यहां 10 से अधिक घरों में चोरी हो चुकी है, जिससे सोसाइटी के लोग दहशत में हैं। इसी क्रम में 26–27 नवंबर की रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच चोरों के एक गिरोह ने फिर से सोसाइटी को निशाना बनाया और नगदी व लाखों के जेवरात लेकर फरार हो गए।
अमखेरा रोड स्थित राजुल सिटी में रहने वाले स्टील कारोबारी सतीश सिंह अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। मकान में ताला लगा था। इसी सूने घर का फायदा उठाते हुए चार–पांच अज्ञात चोर आधी रात को पहुंचे। पड़ोसियों को करीब 3 बजे कुछ आहट सुनाई दी। शक होने पर उन्होंने CCTV कैमरों की फुटेज चेक की, जिसमें दिखा कि चोर हाथों में लोहे के धारदार औजार लेकर घर की सीढ़ियाँ चढ़ते हुए अंदर घुसे।
फुटेज देखने के बाद कॉलोनीवासी तुरंत इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक चोर खेतों की तरफ से भाग चुके थे। इसके बाद सूचना पर गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया।
CCTV फुटेज में दिखा – चोरों ने कैसे ताला तोड़कर की वारदात
वीडियो में साफ नजर आता है कि चोर दरवाजे को औजारों से काटते हुए अंदर दाखिल होते हैं। कुछ ही मिनटों में वे घर में रखी नकदी व सोने–चांदी के आभूषण समेटकर निकल जाते हैं और अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो जाते हैं।
लगातार चोरी से दहशत में निवासी
सोसाइटी के लोगों का कहना है कि पिछले महीनों में कई घरों के ताले तोड़कर चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी गिरोह को पकड़ने में सफलता नहीं मिली है। लोग रात में घरों के बाहर आने-जाने से भी डर रहे हैं।
पुलिस का बयान
गोहलपुर थाना पुलिस ने कहा—
“CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। टीमें गठित कर विभिन्न इलाकों में तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
राजुल सिटी में लगातार हो रही वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्थानीय लोग पुलिस से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।


