भोपाल। ब्राह्मण लड़कियों पर दिए गए विवादित बयान को लेकर IAS संतोष वर्मा की चौतरफा निंदा जारी है। अब कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने वर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “मानसिक मरीज” और “भ्रष्ट अधिकारी” कहा है।
तन्खा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “संतोष वर्मा की IAS पहचान किसी से छुपी नहीं। ऐसे व्यक्ति का शीर्ष प्रशासनिक सेवा में होना दुर्भाग्यपूर्ण है। मानसिक मरीज जैसे वर्मा राज्य का माहौल बिगाड़ रहे हैं।” उन्होंने अन्य अधिकारियों पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और गोपाल भार्गव जैसे बीजेपी के वरिष्ठ ब्राह्मण नेताओं ने भी वर्मा के बयान को “अशोभनीय” बताते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सरकार ने 26 नवंबर को वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। वर्मा ने मीडिया से माफी मांगते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मोड़कर पेश किया गया।
मामले ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासन में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है।


