जबलपुर। गोरखपुर क्षेत्र में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का विरोध लगातार तेज़ होता जा रहा है। शनिवार को पूर्व मंत्री तरुण भनोत और प्रदेश कांग्रेस सचिव गौरव भनोत के मार्गदर्शन में एक प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नियम विरुद्ध शराब दुकान खोले जाने पर आपत्ति दर्ज कराई।
गोरखपुर मेन रोड स्थित शराब दुकान को जबरन सब्जी मंडी के पास स्थानांतरित कर खोला जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह निर्णय सरकार के स्पष्ट निर्देशों के विपरीत है, जिनके अनुसार किसी धार्मिक स्थल या शैक्षणिक संस्थान के पास शराब दुकान नहीं खोली जा सकती।
जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि—
प्रस्तावित स्थल के एक तरफ शासकीय विद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थान स्थित हैं, जहाँ दिनभर छात्र-छात्राओं की आवाजाही बनी रहती है।
दूसरी तरफ अनगढ़ महावीर मंदिर स्थित है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
धार्मिक और शैक्षणिक माहौल में शराब दुकान खोले जाने से क्षेत्र में सामाजिक असंतुलन और कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में भी इसी स्थान पर शराब दुकान खोलने का प्रयास हुआ था, जिस पर तत्कालीन कलेक्टर ने रोक लगा दी थी। इसके बावजूद आबकारी विभाग द्वारा कथित तौर पर स्थानीय नेताओं के दबाव में फिर से लाइसेंस जारी किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो विरोध को और तेज किया जाएगा।
कलेक्टर ने मामले की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


