जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र के गंजीपुरा में रहने वाले प्रभुदयाल साहू ने अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है। शिकायतकर्ता प्रभुदयाल साहू, पिता स्व. भैयालाल साहू, मकान नंबर 208 साहू मोहल्ला में रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके मकान के पिछली तरफ रह रहे दिलीप साहू और दिनेश साहू लंबे समय से उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं और मकान खाली कराने का दबाव बना रहे हैं।
प्रभुदयाल ने बताया कि दोनों आरोपी आए दिन गाली-गलौज करते हैं, मारपीट की धमकी देते हैं और जान से मारने की बात कहते हैं। उनका आरोप है कि आरोपी उनके मकान पर जबरन कब्जे की कोशिश कर रहे हैं, जिसके चलते उनका पूरा परिवार दहशत में है और घर से बाहर निकलने में भी डर लगने लगा है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अनहोनी घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी इन्हीं दोनों आरोपियों की होगी।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनके परिवार को भयमुक्त वातावरण दिया जाए और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उनका परिवार सुरक्षित और शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर सके। लगातार मिल रही धमकियों के कारण प्रभुदयाल और उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान है और उन्हें तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है।


