जबलपुर। शहर के मालवीय चौक स्थित सतना बिल्डिंग में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कपड़ों के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सतना बिल्डिंग में कई परिवार भी निवास करते हैं, जिसके चलते रहवासियों में भारी दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही नगर निगम की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में क्लासिक शर्ट्स का स्टॉक रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आ गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं बचाव कार्यों की निगरानी की और दमकलकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। आयुक्त ने आग बुझाने में जुटे जवानों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रित कराने में अहम भूमिका निभाई।
दमकल प्रमुख कुशाग्र ठाकुर के अनुसार, सतना बिल्डिंग के तीन मंजिला परिसर में अचानक आग लगी थी। कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते दमकल अमले द्वारा आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस व नगर निगम द्वारा घटना के कारणों की जांच जारी है।


