रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बेरोजगार पति ने मोबाइल गेम PUBG की लत के चलते अपनी 24 वर्षीय पत्नी नेहा पटेल की हत्या कर दी। घटना शनिवार देर रात की है। पति रंजीत पटेल ने कथित तौर पर तौलिये से गला घोंटकर उसकी हत्या की और फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार दोनों की शादी को मात्र छह महीने हुए थे। रंजीत का PUBG खेलने का शौक उसकी बेरोजगारी के साथ विवाद का कारण बन गया था। अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे।
हत्या के बाद आरोपी ने नेहा के जीजा को मैसेज कर लिखा—“मार दिया है, ले जाओ।” परिजन घर पहुंचे तो नेहा मृत अवस्था में मिली।
डीएसपी उदित मिश्रा ने बताया कि शव पर गला घोंटने के निशान मिले हैं और पति फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं।
नेहा के परिवार ने दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। भाई शेर बहादुर पटेल ने कहा कि आरोपी कार की मांग कर रहा था और लगातार परेशान करता था। उन्होंने आरोपी के पूरे परिवार पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश जारी है।


