जबलपुर। गढ़ा थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक 16 वर्षीय विधि विवादित बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की कुल छह दुपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है।
जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में थाना गढ़ा पुलिस ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
▶ ऐसे पकड़े गए आरोपी
विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उमर खान अपने दो साथियों के साथ बिना नंबर की तीन स्कूटी लेकर घूम रहा है। पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों को पकड़ा। उनसे पूछताछ में आरोपियों के नाम मोहम्मद मुख्तार उर्फ उमर खान, आशुतोष यादव और 16 वर्षीय नाबालिग बताए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने 4 एक्सेस स्कूटी और 1 पल्सर बाइक चोरी करना कबूला। एक वाहन की चेन टूटने पर उसे मदनमहल स्टेशन के पास और एक को रामायण मंदिर के पास छोड़ देने की बात भी बताई।
▶ बरामदगी
उमर खान से: पल्सर मोटरसाइकिल व सफेद एक्सेस स्कूटी
नाबालिग आरोपी से: नीली एक्सेस स्कूटी
आशुतोष यादव से: नीली एक्सेस और काली एक्सेस स्कूटी
सभी वाहन जप्त कर अदालत में प्रस्तुत किए गए। वाहन चोरी के प्रकरण थाना पनागर, मदनमहल और कैंट थानों में भी दर्ज पाए गए, जिनकी जांच जारी है।
▶ एक अन्य चोर भी पकड़ा गया
वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल चलाते मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश पटेल निवासी सेमरखापा, मंडला बताया। उसने मेडिकल कॉलेज के पास से बाइक चोरी करना स्वीकारा। उसके खिलाफ थाना गढ़ा में दर्ज अपराध क्रमांक 631/25 के तहत कार्रवाई की गई।
▶ टीम की सराहनीय भूमिका
गिरोह पकड़े जाने की कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, आरक्षक गौरव तिवारी और शैलेन्द्र पाटकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब शेष वाहनों और अन्य संभावित चोरी के मामलों की भी जांच कर रही है।


