जबलपुर। शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया, जहां एक ट्रक चालक की केबिन के अंदर ही पत्थर पटककर हत्या कर दी गई। घटना शाही तलाब के पास हुई। सूचना मिलते ही सीएसपी और थाना पुलिस मौके पर पहुँची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं घटना के बाद ट्रक के साथ मौजूद कंडक्टर मौके से फरार है, जिससे उसके ऊपर संदेह गहरा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सीजी 04 क्यूजी 9427 नंबर का ट्रक शाही तलाब के पास खड़ा है और उसके केबिन में चालक मृत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने देखा कि ड्राइवर की लाश पर गंभीर चोट के निशान हैं और पास ही खून से सना बड़ा पत्थर पड़ा हुआ है। इससे स्पष्ट हो गया कि चालक की हत्या पत्थर से वार कर की गई है।
सीएसपी एमपी नगोतिया ने बताया कि मृतक का नाम महेंद्र रजक है, जो कि कोलकाता से नगर निगम जबलपुर के अमृत प्रोजेक्ट के लिए पाइप लेकर आया था। नगर निगम के जल विभाग में पदस्थ अजय पटेल के अनुसार, ट्रक दोपहर तक पहुंच गया था लेकिन चालक कहीं दिखाई नहीं दे रहा था। खोजबीन के दौरान जब वह ट्रक के दूसरी तरफ गए तो दरवाजा खुला मिला। अंदर चढ़कर देखा तो चालक कंबल ओढ़े पड़ा था। जब हिलाने पर भी वह नहीं उठा, तो शक होने पर तुरंत पुलिस और अधिकारियों को सूचना दी गई।
सीएसपी ने बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियों और शुरुआती जांच से यह आशंका गहराई है कि हत्या में क्लीनर इम्मू पटेल की भूमिका हो सकती है, क्योंकि वह घटना के बाद से गायब है। संभावना है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ हो और उसी के चलते हत्या को अंजाम दिया गया हो।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए टीम गठित कर दी है और वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी है।


