जबलपुर। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में 26 नवंबर 2025 से 10 दिसंबर 2025 तक 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार मोटरयान अधिनियम के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए संचालित किया गया।
अभियान के दौरान जिलेभर में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना फिटनेस परिवहन कर रहे वाहनों, निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन चलाने तथा बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग कर वैधानिक कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षकों और थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाए गए।
15 दिवसीय अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 4810 वाहन चालकों से 14 लाख 63 हजार 100 रुपये, बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले 960 वाहन चालकों से 4 लाख 90 हजार 600 रुपये, निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन चलाने वाले 59 वाहन चालकों से 58 हजार 900 रुपये तथा बिना बीमा वाहन चलाने वाले 34 वाहन चालकों से 31 हजार 400 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 5863 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए 20 लाख 44 हजार रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें, वाहनों के वैध दस्तावेज एवं बीमा साथ रखें तथा अपने वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अवश्य लगवाएं। बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट पाए जाने पर संशोधित मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है।


