जबलपुर। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नशा, सट्टा, जुआ और अवैध शराब के खिलाफ जिलेभर में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पनागर थाना पुलिस ने चंडी मेला (मड़ई मेला) में जुए के फड़ पर दाव लगा रहे 18 जुआरियों को धर दबोचा है।
पनागर थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि आसपास के क्षेत्र में लगने वाले मड़ई मेले में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पनागर पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से ताश के 52 पत्तों के साथ करीब 13 हजार रुपये नगद और कुछ दोपहिया वाहन जब्त किए गए।
थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं, जो मड़ई मेला घूमने आए थे और वहीं जुआ खेलने बैठ गए थे। पुलिस ने सभी जुआरियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


