जबलपुर के जिला अस्पताल विक्टोरिया से स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में चूहों की खुलेआम आवाजाही का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि मरीज के पलंग के नीचे चूहे घूमते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो मरीज के परिजनों द्वारा बनाया गया है, जिन्होंने अस्पताल प्रबंधन की इस गंभीर लापरवाही को उजागर किया है। आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड में चूहों की मौजूदगी न केवल स्वच्छता पर सवाल खड़े करती है, बल्कि मरीजों की जान के लिए भी खतरा साबित हो सकती है। बावजूद इसके, अस्पताल प्रशासन की ओर से लंबे समय से इस ओर कोई ठोस ध्यान नहीं दिया गया।
मामले में जिला अस्पताल के डॉक्टर कोठारी ने सफाई देते हुए बताया कि अस्पताल के पुराने किचन एरिया को तोड़कर नया निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही उस हिस्से की सीवर लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके कारण चूहे निकलकर वार्ड तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिविल कार्य कराए जाएंगे और चूहों की आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि सवाल यह है कि जब तक निर्माण और मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक आईसीयू में भर्ती मरीजों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी। वायरल वीडियो ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है और स्वास्थ्य विभाग के दावों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।


