जबलपुर के पास पाटन तहसील क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शराब दुकान के बाहर कोबरा सांप दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि एक सपेरा शराब पीने के बाद नशे की हालत में अपनी पिटारी से कोबरा निकालकर वहीं छोड़ गया और मौके से फरार हो गया। सांप दिखाई देने के बाद शराब खरीदने आए लोग दहशत में आ गए और दुकान के बाहर भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सपेरा शराब दुकान पर पहुंचा था और शराब खरीदने के बाद वहीं बैठकर पीने लगा। कुछ ही देर में वह इस कदर नशे में धुत हो गया कि उसे होश नहीं रहा। इसी दौरान उसने अपनी पोटली खोली और कोबरा सांप को बाहर निकालकर छोड़ दिया। इसके बाद वह वहां से चला गया। काफी देर तक लोगों को यह समझ ही नहीं आया कि दुकान के सामने बैठे सांप का क्या किया जाए।
शराब दुकान संचालक की नजर जब कोबरा पर पड़ी तो उसने तुरंत सर्प विशेषज्ञ को सूचना दी। तब तक लोग दूर खड़े रहकर सांप की निगरानी करते रहे, ताकि कोई नशे में धुत व्यक्ति उसे नुकसान न पहुंचा दे और कोई हादसा न हो। सूचना मिलते ही सर्प विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
सर्प विशेषज्ञ द्वारा कोबरा को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लापरवाही कितनी खतरनाक साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्ती बरतने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


